ब्राजील के कपल रेनाटो और नाइरा ने महज 30 सेकंड में 195 किस कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। इस अनोखे रिकॉर्ड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्यार का इजहार करने के कई तरीके होते हैं, लेकिन ब्राजील के एक कपल ने अपने प्यार को एक अनोखे विश्व रिकॉर्ड में बदल दिया। इंटरनेशनल किसिंग डे के मौके पर इस कपल ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी चर्चा अब दुनिया भर में हो रही है। महज 30 सेकंड में 195 किस कर इस जोड़ी ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
इस रिकॉर्ड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देखकर हैरान होने के साथ-साथ मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
ब्राजील के कपल ने बनाया नया रिकॉर्ड
ब्राजील के रहने वाले रेनाटो बायमा गाइया और उनकी गर्लफ्रेंड नाइरा रोबर्टा रिबेरो डी मारिन्स ने यह अनोखा रिकॉर्ड बनाया। दोनों ने इंटरनेशनल किसिंग डे के अवसर पर इस चुनौती को स्वीकार किया और तय समय सीमा के भीतर 195 किस पूरे कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि रेनाटो बेहद तेजी से अपनी पार्टनर के गाल पर लगातार किस करते हैं, जबकि नाइरा पूरे समय मुस्कुराती रहती हैं। दोनों का तालमेल और गति ही उन्हें यह रिकॉर्ड दिलाने में सफल रही।
रिकॉर्ड बनाने का जुनून रखते हैं रेनाटो
32 वर्षीय रेनाटो पेशे से डॉक्टर हैं और इससे पहले भी कई गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। बताया जाता है कि उन्होंने सबसे तेज किताबों को सजाकर गिराने और अन्य अनोखी चुनौतियों से जुड़े रिकॉर्ड भी बनाए हैं। रेनाटो का कहना है कि उन्हें रिकॉर्ड बनाने का जुनून है और वे चाहते हैं कि उनकी उपलब्धियां दूसरों को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी बताया कि वे एडीएचडी (ADHD) से जूझ चुके हैं और इसके बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य हासिल किए हैं।
अब 1 मिनट वाले रिकॉर्ड पर नजर
इस उपलब्धि के बाद यह कपल अब एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुट गया है। दोनों की नजर अब 60 सेकंड में सबसे ज्यादा किस करने के रिकॉर्ड पर है। फिलहाल यह रिकॉर्ड जापान के एक कपल के नाम दर्ज है, जिन्होंने एक मिनट में 277 किस कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। रेनाटो और नाइरा भविष्य में इस रिकॉर्ड को भी तोड़ने की योजना बना रहे हैं।
सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मजेदार टिप्पणियों की बाढ़ ला दी। कुछ यूजर्स ने इस रिकॉर्ड को दिलचस्प बताया तो कुछ ने इसे लेकर हल्के-फुल्के मजाक भी किए। एक यूजर ने लिखा, “इस रिकॉर्ड के लिए इंसान नहीं, चिड़िया जैसी चोंच चाहिए। दूसरे ने कहा यह किस कहां हुआ, इनके गाल तो हट ही नहीं रहे, टेक्निकली देखा जाए तो यह सिर्फ एक ही किस थी. वहीं एक और यूजर ने मजाक में लिखा अगर यही किस है तो पूरी जिंदगी में गलत तरीके से किस करता रहा. वहीं एक और यूजर कमेंट करता है मेरी शादी हो जाए, फिर देखना मैं यह रिकॉर्ड जरूर तोड़ दूंगा. कुछ और यूजर्स कमेंट कर करते हैं यह किस कम और कान में फुसफुसाना ज्यादा लग रहा है.
