वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर नाव में कथित तौर पर चिकन पकाने और शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। 5 आरोपी गिरफ्तार हुए और अगले ही दिन अदालत से जमानत मिल गई।

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी के दशाश्वमेध घाट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर नाव पर चिकन पकाते और शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए दशाश्वमेध थाना पुलिस ने पांच नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को अगले ही दिन अदालत से जमानत मिल गई।
सोशल मीडिया वीडियो से हुआ खुलासा
दशाश्वमेध क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अतुल अंजन त्रिपाठी के अनुसार, यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के जरिए पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए स्थानीय अधिकारी की तहरीर पर 23 जून को एफआईआर दर्ज की और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कौन हैं आरोपी?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी हैं। मामले में एक अज्ञात आरोपी को भी नामजद किया गया है। सभी आरोपियों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है।
वीडियो पुराना होने का दावा
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो हाल का नहीं बल्कि इसी वर्ष जनवरी-फरवरी के बीच का प्रतीत होता है। अधिकारियों के मुताबिक वीडियो में युवक ठंड के कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह अनुमान लगाया गया है कि घटना सर्दियों के दौरान हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने भी यही जानकारी दी है।
हालांकि, वायरल वीडियो से यह स्पष्ट नहीं होता कि नाव किनारे थी या नदी के बीच।
अगले ही दिन मिली जमानत
24 जून को कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सभी पांच आरोपियों को 20-20 हजार रुपये के दो-दो जमानती बॉन्ड जमा करने की शर्त पर जमानत दे दी। आरोपियों की ओर से अधिवक्ता विकास सिंह ने अदालत में पैरवी की।
