PM मोदी से मिले मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम! 🇮🇳🇲🇾 सेमीकंडक्टर, ट्रेड और निवेश पर हुई अहम बातचीत। अनवर इब्राहिम ने कहा- भारत-मलेशिया की दोस्ती को और मजबूत करेंगे।

भारत की अध्यक्षता में दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बैठक के बाद अनवर इब्राहिम ने भारत की मेहमाननवाजी के लिए आभार जताया और दोनों देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करने की बात कही। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम मोदी के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बैठक से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने भारत और मलेशिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ताना संबंधों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद क्या बोले अनवर इब्राहिम ……?
अनवर इब्राहिम ने बताया कि BRICS से जुड़े कार्यक्रमों के बाद वह नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल को भारत की ओर से मिले स्वागत और सेवा-सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारत और मलेशिया के बीच करीबी संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। अनवर इब्राहिम के मुताबिक, दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक और गर्मजोशी भरे संबंध रहे हैं।
सेमीकंडक्टर सेक्टर पर खास चर्चा…..
दोनों प्रधानमंत्रियों की बातचीत में रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इनमें सेमीकंडक्टर उद्योग को खास महत्व दिया गया। अनवर इब्राहिम ने कहा कि भारत और मलेशिया के पास एक-दूसरे की पूरक क्षमताएं हैं। इनका इस्तेमाल औद्योगिक सहयोग बढ़ाने, सप्लाई चेन को मजबूत करने, प्रतिभाओं के विकास और दोनों देशों के बीच निवेश बढ़ाने में किया जा सकता है। सेमीकंडक्टर आज के समय में इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, ऑटोमोबाइल और आधुनिक तकनीक से जुड़े कई उद्योगों के लिए बेहद अहम क्षेत्र है। ऐसे में इस सेक्टर में भारत और मलेशिया के बीच सहयोग दोनों देशों के लिए रणनीतिक महत्व रखता है।
ट्रेड और भारतीय बाजार पर भी हुई बात…..
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने भारत के विशाल बाजार में मलेशियाई उत्पादों की पहुंच को आसान बनाने की जरूरत पर भी चर्चा की। उनका कहना है कि इससे मलेशियाई कंपनियों को भारत के तेजी से बढ़ते बाजार में नए अवसर मिल सकते हैं। दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाना भी बैठक का अहम हिस्सा रहा। अनवर इब्राहिम ने भारत और मलेशिया के बीच आपसी लाभ वाले आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा जताई।
“इंशा-अल्लाह” कहकर जताई रिश्ते मजबूत करने की उम्मीद…..
अनवर इब्राहिम ने अपने पोस्ट में भारत और मलेशिया की दोस्ती को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताते हुए कहा कि दोनों देश अपने लोगों की खुशहाली के लिए इस आपसी फायदे वाली साझेदारी को मजबूत करते रहेंगे। BRICS सम्मेलन के दौरान हुई यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भारत रणनीतिक साझेदारियों, तकनीकी सहयोग और वैश्विक व्यापार में अपनी भूमिका को लगातार मजबूत कर रहा है। भारत और मलेशिया के बीच सेमीकंडक्टर, निवेश, व्यापार और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में सहयोग आने वाले समय में और बढ़ सकता है।
