वैष्णो देवी जाने वालों के लिए खुशखबरी! कम बजट में पूरा टूर पैकेज लॉन्च

अगर आप माता वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए IRCTC ने वाराणसी से माता वैष्णो देवी धाम के लिए 4 रात और 5 दिन का किफायती टूर पैकेज पेश किया है। इस पैकेज की शुरुआती कीमत ₹11,540 प्रति व्यक्ति है, जिसमें ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की सुविधा, स्थानीय परिवहन और चुने गए प्लान के अनुसार भोजन शामिल है।
वाराणसी से शुरू होगी यात्रा
यह टूर पैकेज वाराणसी (BSB) से शुरू होगा। श्रद्धालु बीएसबी-जम्मू एक्सप्रेस (12237/12238) से यात्रा करेंगे। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार दोपहर 12:40 बजे वाराणसी से रवाना होती है और जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर और मुरादाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए जम्मू पहुंचती है। यात्रियों को थर्ड एसी (3AC) कोच में यात्रा कराई जाएगी।
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
इस टूर पैकेज में यात्रियों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं, जिनमें शामिल हैं—
कटरा में ठहरने के लिए जय मां इन या इसी श्रेणी के 3-स्टार होटल में दो रातों के ठहरने की व्यवस्था की गई है. रेलवे स्टेशन जम्मू से कटरा होटल तक आने-जाने के लिए शेयरिंग पर एसी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा यात्रियों को बाणगंगा तक ड्रॉप और पिक-अप की सुविधा भी मिलेगी, जहां से माता के भवन तक लगभग 12 किलोमीटर की पैदल यात्रा शुरू होती है.
दो विकल्पों में उपलब्ध है पैकेज
इस पैकेज में यात्रियों की सुविधा के अनुसार दो तरह के पैकेज के विकल्प दिए गए हैं. कम्फर्ट पैकेज में होटल में केवल नाश्ता शामिल है, जबकि डीलक्स पैकेज में नाश्ते के साथ रात का भोजन भी मिलेगा, कम्फर्ट पैकेज में ट्रिपल शेयरिंग पर प्रति व्यक्ति किराया 11,540 है, जबकि डबल शेयरिंग के लिए 14,180 और सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए 23,860 रुपये तय किया गया है. वहीं डीलक्स पैकेज में ट्रिपल शेयरिंग का किराया 12,160, डबल शेयरिंग 14,740 और सिंगल ऑक्यूपेंसी 24,970 है. 5 से 11 वर्ष तक के बच्चों के लिए अलग शुल्क निर्धारित किया गया है.
यात्रा से पहले रखें इन बातों का ध्यान
यात्रा पर निकलने से पहले कुछ जरूरी तैयारियां करना बेहद आवश्यक है—
- माता वैष्णो देवी यात्रा पर्ची पहले से ऑनलाइन बुक करें।
- अपने साथ पोस्टपेड मोबाइल नंबर रखें, क्योंकि जम्मू-कश्मीर के कुछ क्षेत्रों में प्रीपेड मोबाइल सेवाएं सीमित हो सकती हैं।
- मौसम के अनुसार गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ रखें।
- पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है।
इनका खर्च खुद उठाना होगा
इस टूर पैकेज में कुछ खर्च शामिल नहीं किए गए हैं, जिनका भुगतान यात्रियों को स्वयं करना होगा— पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल, स्थानीय परिवहन और चुने गए प्लान के अनुसार भोजन शामिल है. हालांकि हवाई यात्रा, व्यक्तिगत खर्च, टिप्स, लॉन्ड्री, मिनरल वॉटर, स्मारकों की एंट्री फीस, वीडियो कैमरा शुल्क, अतिरिक्त भोजन, दर्शनीय स्थलों की अलग से यात्रा या किसी अन्य गतिविधि का खर्च इसमें शामिल नहीं है.
धार्मिक यात्रा का शानदार अवसर
यदि आप कम बजट में माता वैष्णो देवी की यात्रा करना चाहते हैं, तो यह पैकेज एक अच्छा विकल्प हो सकता है। ट्रेन, होटल, स्थानीय परिवहन और भोजन जैसी सुविधाओं के साथ यह पैकेज श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और किफायती यात्रा का अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
नोट: यात्रा बुक करने से पहले पैकेज की उपलब्धता, यात्रा तिथियां और नियम एवं शर्तें संबंधित आधिकारिक माध्यम से अवश्य जांच लें।
