CINTAA ऑफिस में जमकर हंगामा! 🎬 पूनम ढिल्लों, उपासना सिंह और कुनिका सदानंद के बीच कागजात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद पुलिस को मामला शांत कराना पड़ा।

मुंबई में सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) का विवाद अब खुलकर सामने आता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को CINTAA ऑफिस में कई कलाकारों के बीच कागजात और संगठन से जुड़े मामलों को लेकर बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। इस दौरान पूनम ढिल्लों, उपासना सिंह, पद्मिनी कोल्हापुरे और कुनिका सदानंद समेत कई कलाकार ऑफिस में मौजूद थे। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें कलाकारों के बीच तीखी बहस और पुलिस के हस्तक्षेप का दावा किया जा रहा है।
कागजात को लेकर शुरू हुआ विवाद…..
विवाद की शुरुआत CINTAA के कुछ ऑफिसियल पेपर्स और फाइलों को लेकर हुई। अभिनेत्री कुनिका सदानंद ने आरोप लगाया था कि संगठन से जुड़े कुछ दस्तावेज पूनम ढिल्लों की गाड़ी में रखकर वहां से ले जाए गए। इसके बाद सामने आए एक वीडियो में CINTAA के कुछ सदस्य पद्मिनी कोल्हापुरे से इस मामले को लेकर सवाल करते दिखाई दिए। वीडियो में समिति से जुड़े एक पत्र का भी जिक्र होता है। इसी दौरान पुलिस मौके पर मौजूद रही और लोगों को शांत कराने की कोशिश करती नजर आई। पद्मिनी कोल्हापुरे की ओर से कथित तौर पर ‘डेटा चोरी’ का आरोप भी लगाया गया। इस पूरे मामले में सामने आए आरोपों पर संबंधित पक्षों के अलग-अलग दावे हैं।
पूनम ढिल्लों ने क्या कहा …..?
पूनम ढिल्लों ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि CINTAA और CAWT के बीच प्रस्तावित MOU को लेकर AGM में चर्चा हुई थी। उन्होंने संगठन और सिने आर्टिस्ट्स वेलफेयर ट्रस्ट (CAWT) के बीच सहयोग से जुड़ी पुरानी गतिविधियों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, CINTAA ने CAWT की मदद की थी और कुछ कलाकारों ने कार्यक्रमों के जरिए फंड जुटाने में योगदान दिया था। पूनम ने यह भी बताया कि MOU तैयार करने को लेकर पिछले कुछ वर्षों में बातचीत चल रही थी और इस दौरान मेडिकल इमरजेंसी में आर्थिक मदद से जुड़े मुद्दे सामने आए।
गाड़ी की तलाशी को लेकर भी हुई बहस…..
विवाद से जुड़े एक अन्य वीडियो में पूनम ढिल्लों अपनी गाड़ी की तलाशी लिए जाने पर सवाल करती दिखाई देती हैं। बताया गया कि यह वीडियो कुनिका सदानंद ने रिकॉर्ड किया था। इस दौरान दोनों के बीच बहस होती नजर आई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कलाकारों को शांत रहने और सार्वजनिक रूप से इस तरह विवाद न करने की हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कलाकारों से कहा कि सभी पक्ष उनके लिए बराबर हैं और उन्हें मामले में निष्पक्ष तरीके से काम करना है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि दस्तावेजों को वापस मंगाना उसका काम नहीं है।
उपासना सिंह ने भी उठाया पेपर्स का मुद्दा…..
एक अन्य वीडियो में उपासना सिंह पुलिस से उन कागजात को वापस मंगाने की बात करती नजर आती हैं, जिनके बारे में उनका दावा था कि उन्हें पहले ही भेज दिया गया था। इस पर पुलिस ने कहा कि दस्तावेज वापस मंगाना उसका काम नहीं है। अगर किसी दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ या किसी तरह की गड़बड़ी हुई है, तो संबंधित अथॉरिटी इस मामले में जरूरी कार्रवाई कर सकती है। इस दौरान CINTAA के सदस्यों के बीच भी बहस जारी रही।
CINTAA में पहले से चल रहा है विवाद…..
CINTAA में यह विवाद अचानक सामने नहीं आया है। संगठन की कमेटी को लेकर पिछले कुछ समय से मतभेद की खबरें आती रही हैं। अगस्त में 21 सदस्यों वाली निर्वाचित कमेटी के 8 सदस्यों समेत कुल 11 सदस्यों के इस्तीफे की बात सामने आई थी। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने संगठन के काम करने के तरीके और फैसलों को लेकर सवाल उठाए थे। इन सदस्यों की ओर से दावा किया गया था कि कई फैसले सामूहिक तरीके से नहीं लिए जा रहे हैं और सदस्यों से पर्याप्त सलाह नहीं ली जा रही। उन्होंने संगठन के संविधान के मुताबिक काम नहीं होने का आरोप भी लगाया था। इसके बाद उपासना सिंह ने दावा किया था कि निर्वाचित कमेटी के 50 फीसदी सदस्यों के इस्तीफा देने के बाद कमेटी भंग हो गई है। वहीं, पूनम ढिल्लों ने इस दावे पर आपत्ति जताई थी।
अब आगे क्या होगा…..?
CINTAA में कागजात, कमेटी और संगठन के कामकाज को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस और संबंधित संस्थाओं के सामने भी पहुंच गया है। फिलहाल अलग-अलग पक्षों की ओर से अपने-अपने दावे सामने रखे जा रहे हैं। मामले में आगे की स्थिति इस बात पर निर्भर करेगी कि संबंधित दस्तावेजों और संगठन से जुड़े विवाद को लेकर जांच या आधिकारिक स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
