DC Box Office: लोकेश कनगराज की 'डीसी' ने पहले हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, 41.65 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन के साथ बनी 2026 की कॉलीवुड की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीक फिल्म।

लोकेश कनगराज की फिल्म ‘डीसी’ ने सिनेमाघरों में अपना पहला हफ्ता पूरा कर लिया है। तमिल सिनेमा की इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म को दर्शकों की तरफ से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिनों से ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी और पहले हफ्ते में 40 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया। खास बात यह है कि ‘डीसी’ ने अपनी कमाई के साथ साल 2026 में कॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग वीक वाली फिल्मों की लिस्ट में जगह बना ली है।
पहले हफ्ते में ‘डीसी’ ने कितनी कमाई की….?
‘डीसी’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 4.40 करोड़ रुपये की नेट कमाई के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का फिल्म को फायदा मिला और वीकेंड पर इसकी कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिला। फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड तक 20.95 करोड़ रुपये नेट कमा लिए थे। इसके बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बनी रही। पहले गुरुवार को कलेक्शन में थोड़ी गिरावट आई और फिल्म ने करीब 3.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया। पहले हफ्ते का सफर पूरा होने के बाद ‘डीसी’ की भारत में कुल नेट कमाई 41.65 करोड़ रुपये पहुंच गई है। वहीं फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन करीब 49.14 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
कॉलीवुड की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीक फिल्म बनी ‘डीसी’….
बॉक्स ऑफिस पर 41.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करने के साथ ‘डीसी’ ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। फिल्म 2026 में कॉलीवुड की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीक वाली फिल्म बन गई है। इस मामले में ‘डीसी’ से आगे ‘जना नायकन’ और ‘करुप्पु’ हैं। लोकेश कनगराज की फिल्म के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सिनेमाघरों में इस समय कई बड़ी फिल्मों का दबदबा है।
लोकेश कनगराज ने एक्टिंग में किया डेब्यू….
‘डीसी’ की एक खास बात यह भी है कि इसके निर्देशक लोकेश कनगराज ने इस फिल्म के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। फिल्म में वामिका गब्बी भी अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। तमिल एक्शन-थ्रिलर के तौर पर बनाई गई इस फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म की कहानी, एक्शन और कलाकारों के प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा देखने को मिल रही है।
‘विश्वनाथ एंड सन्स’ से होगी सीधी टक्कर….
अब दूसरे हफ्ते में ‘डीसी’ के सामने नई चुनौती है। सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ के सिनेमाघरों में आने के बाद दोनों फिल्मों के बीच स्क्रीन शेयरिंग को लेकर बदलाव देखने को मिल सकता है। दोनों फिल्मों की शैली और दर्शक वर्ग अलग होने के बावजूद एक ही समय पर रिलीज होने से ‘डीसी’ को पहले सप्ताह की तुलना में कम स्क्रीन मिल सकती हैं। ऐसे में दूसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई पर इसका असर पड़ने की संभावना है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहले हफ्ते में शानदार प्रदर्शन करने के बाद ‘डीसी’ दूसरे वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर कितनी मजबूत पकड़ बनाए रख पाती है।
