लंदन में धूमधाम से खुला हल्दीराम का पहला रेस्टोरेंट महज 25 दिन बाद अस्थायी रूप से बंद हो गया। कंपनी ने इसकी वजह का खुलासा करते हुए ग्राहकों को जल्द वापसी का भरोसा दिया।

भारत के मशहूर स्नैक्स और मिठाई ब्रांड हल्दीराम ने हाल ही में लंदन के प्रतिष्ठित लीसेस्टर स्क्वायर (Leicester Square) में अपना पहला फुल-सर्विस रेस्टोरेंट शुरू किया था। उद्घाटन के समय बड़ी संख्या में भारतीयों और स्थानीय लोगों की भीड़ देखने को मिली थी। लेकिन शुरुआत के करीब 25 दिनों बाद ही रेस्टोरेंट के अस्थायी रूप से बंद होने की खबर सामने आई, जिससे कई लोग हैरान रह गए, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला किसी कारोबारी नुकसान या ग्राहकों की कमी की वजह से नहीं लिया गया है।
आखिर क्यों बंद हुआ रेस्टोरेंट..?
हल्दीराम ने रेस्टोरेंट के बाहर लगाए गए नोटिस और अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि यूके पावर नेटवर्क्स द्वारा इलाके में ग्रिड अपग्रेडेशन और मेंटेनेंस का कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेस्टोरेंट का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। कंपनी के अनुसार, 21 जुलाई से आउटलेट बंद है और आवश्यक कार्य पूरा होने के बाद इसे दोबारा खोला जाएगा। कंपनी ने अपने संदेश में ग्राहकों से धैर्य रखने की अपील करते हुए लिखा कि वह जल्द ही फिर से सेवा शुरू करेगी।
जून में हुई थी भव्य शुरुआत….
हल्दीराम ने 25 जून को लंदन में अपने पहले फुल-सर्विस रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के दिन बड़ी संख्या में लोग भारतीय व्यंजनों और मिठाइयों का स्वाद लेने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर भी रेस्टोरेंट के बाहर लंबी कतारों के वीडियो खूब वायरल हुए थे।
क्या है इस रेस्टोरेंट की खासियत..?
लंदन स्थित यह आउटलेट करीब 3,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है और इसमें लगभग 120 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
रेस्टोरेंट की प्रमुख विशेषताएं :-
- फुल-सर्विस डाइनिंग अनुभव
- भारतीय स्नैक्स और मिठाइयों की विस्तृत रेंज
- फ्यूजन डेजर्ट्स
- वीगन (Vegan) मेन्यू
- ओपन-एयर टेरेस
- रिटेल सेक्शन
इसी वजह से यह आउटलेट भारतीय समुदाय के साथ-साथ विदेशी ग्राहकों के बीच भी तेजी से लोकप्रिय हो गया।
जल्द दोबारा खुलेगा रेस्टोरेंट….
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह बंदी केवल अस्थायी है और मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद रेस्टोरेंट फिर से ग्राहकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसलिए फिलहाल ग्राहकों को कुछ समय इंतजार करना होगा, जिसके बाद वे एक बार फिर लंदन में हल्दीराम के लोकप्रिय भारतीय व्यंजनों और मिठाइयों का आनंद ले सकेंगे।
