रील बनाते समय छत से गिरा बच्चा!

Reel Viral Video: सोशल मीडिया के दौर में रील बनाने का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स पाने की होड़ में कई लोग अपनी और दूसरों की सुरक्षा तक को नजरअंदाज कर देते हैं। इसी बीच एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वीडियो में एक महिला रील बनाते हुए अपने बच्चे का वीडियो रिकॉर्ड कर रही होती है, लेकिन अगले ही पल ऐसा हादसा होता है जिसे देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक छोटा बच्चा घर की छत के किनारे खड़ा दिखाई देता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा छत के किनारे लगी लोहे की छड़ को पकड़कर झूल रहा है। यह पूरा दृश्य उसकी मां अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर रही होती है।
कुछ सेकंड बाद बच्चा लोहे की छड़ छोड़ देता है और उसका संतुलन बिगड़ जाता है। इसके बाद वह छत से नीचे गिर जाता है। वीडियो में महिला की घबराहट भी दिखाई देती है, लेकिन तब तक हादसा हो चुका होता है।
वीडियो को लेकर किए जा रहे अलग-अलग दावे
वायरल वीडियो के साथ यह दावा भी किया जा रहा है कि हादसे में बच्चे की मौत हो गई। हालांकि वीडियो की वास्तविक लोकेशन, घटना की तारीख और बच्चे की स्थिति की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो के साथ कई बार अपुष्ट दावे भी जोड़े जाते हैं, इसलिए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना जरूरी है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा और रील बनाने की बढ़ती लत को लेकर बहस शुरू हो गई है। कई यूजर्स का कहना है कि आजकल लोग सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। लोगों का मानना है कि बच्चों को खतरनाक स्टंट में शामिल करना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और ऐसे मामलों में अभिभावकों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
यूजर्स ने जताया गुस्सा
वीडियो पर हजारों लोगों ने प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, “रील बनाने की सनक में लोग अपने बच्चों की सुरक्षा तक भूल रहे हैं।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “कुछ सेकंड की वायरलिटी के लिए किसी बच्चे की जान को जोखिम में डालना बिल्कुल गलत है।” एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, “बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन सोशल मीडिया के दौर में कई लोग इसे नजरअंदाज कर रहे हैं।”
