सलमान खान और सुभाष घई के बीच क्यों हुआ था झगड़ा? बात हाथापाई तक पहुंची, फिर सलीम खान ने लगाई थी डांट!

सुभाष घई ने सलमान खान के साथ हुए पुराने विवाद का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि एक पार्टी में दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई थी कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया था. इसके बाद सलीम खान ने सलमान को डांट लगाई और उनसे माफी मांगने के लिए कहा.
बॉलीवुड में सलमान खान और सुभाष घई दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र के दिग्गज नाम हैं. दोनों ने साल 2008 में फिल्म ‘युवराज’ में साथ काम किया था, लेकिन इस फिल्म से पहले दोनों के बीच एक ऐसा विवाद हो चुका था, जिसकी बात अब सुभाष घई ने एक इंटरव्यू में बताई है.
पार्टी में बिगड़ गया था माहौल…..
सुभाष घई ने टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में बताया कि एक पार्टी के दौरान सलमान खान के साथ उनकी बहस हो गई थी. उनके मुताबिक, सलमान उस समय कुछ ऐसी बातें कह रहे थे, जिन्हें सुनकर उन्होंने उन्हें ऐसा नहीं करने की सलाह दी. इसके बाद दोनों के बीच किसी पुराने मुद्दे को लेकर बातचीत शुरू हुई. सलमान ने सुभाष घई से कुछ फैसलों को लेकर सवाल किए. घई ने उन्हें समझाया कि बतौर डायरेक्टर फिल्म से जुड़े फैसले लेना उनका अधिकार है. बातचीत धीरे-धीरे बहस में बदल गई और मामला इतना बढ़ा कि दोनों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई.
सलीम खान ने सलमान को लगाई फटकार….
सुभाष घई के मुताबिक, इस घटना के अगले दिन सलमान खान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान ने उन्हें फोन किया. उन्होंने बताया कि सलमान ने घर जाकर अपनी मां को पूरी घटना के बारे में बताया था. सलीम खान ने बेटे के व्यवहार को लेकर उन्हें डांट लगाई और सलमान को सुभाष घई के घर जाकर माफी मांगने के लिए कहा.
सलमान ने घर पहुंचकर मांगी माफी….
सुभाष घई ने बताया कि सलमान उनके घर पहुंचे और बेहद शालीन तरीके से माफी मांगी. घई के मुताबिक, सलमान का अपने पिता के प्रति सम्मान देखकर वह काफी प्रभावित हुए. इसके बाद दोनों ने पुराने विवाद को वहीं खत्म कर दिया. धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते सामान्य हो गए और उनका एक-दूसरे के घर आना-जाना भी शुरू हो गया.
फिर साथ में बनाई फिल्म ‘युवराज’….
पुराने विवाद के बावजूद सुभाष घई और सलमान खान ने बाद में फिल्म ‘युवराज’ में साथ काम किया. फिल्म में सलमान के अलावा अनिल कपूर और कैटरीना कैफ भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. बड़े सितारों से सजी इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली. इसके बावजूद फिल्म से जुड़ी सलमान और सुभाष घई की पुरानी कहानी आज भी चर्चा में रहती है…..
