रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों के बीच उनका पुराना बयान फिर चर्चा में है। हिटमैन ने कहा था, "जिस दिन लगेगा कि मैं टीम के लिए योगदान नहीं दे पा रहा हूं, उस दिन खेल छोड़ दूंगा।"

19 जुलाई के दिन रोहित शर्मा अपने इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच खेलेंगे. भारत और इंग्लैंड का तीसरा और निर्णायक वनडे मैच लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा और मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इसी मैदान पर रोहित अपना आखिरी मैच खेलेंगे. हालांकि, इस संबंध में न तो रोहित शर्मा और न ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
इसी बीच रोहित शर्मा का एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने रिटायरमेंट को लेकर खुलकर बात की थी।
पहले भी उठ चुकी हैं संन्यास की चर्चाएं
यह पहली बार नहीं है जब रोहित शर्मा के संन्यास की खबरें सामने आई हैं। इससे पहले भी आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की जीत के बाद उनके भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुई थीं। इसके अलावा, 7 मई को रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया था। टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भी उन्होंने वनडे क्रिकेट में खेलने की इच्छा जाहिर की थी।
एक इंटरव्यू के दौरान रोहित शर्मा ने अपने क्रिकेट करियर और संन्यास को लेकर कहा था कि वह किसी दबाव या बाहरी राय के आधार पर फैसला नहीं लेंगे। यह बयान अब एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि उनके रिटायरमेंट को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं।
रोहित ने कहा था,
“जिस दिन मुझे लगेगा कि मैं मैदान पर वह नहीं कर पा रहा हूं, जो करना चाहता हूं, मैं उस दिन खेलना छोड़ दूंगा। फिलहाल मुझे लगता है कि मैं टीम के लिए योगदान दे रहा हूं और मेरी मौजूदगी टीम की मदद कर रही है।”
2027 वर्ल्ड कप को लेकर क्या है चर्चा?
हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि भारतीय चयनकर्ता 2027 वनडे विश्व कप के लिए नई टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर देने की योजना पर विचार किया जा रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भविष्य की योजनाओं में अहम भूमिका दी जा सकती है। हालांकि, बीसीसीआई या चयन समिति की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। फिलहाल रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर सामने आ रही सभी खबरें और चर्चाएं केवल अटकलों पर आधारित हैं।
