नोएडा की सुपरनोवा बिल्डिंग में युवक की मौत से हड़कंप। पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम।

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा की स्पायरा बिल्डिंग में शनिवार को एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, युवक ने इमारत की 43वीं मंजिल से छलांग लगाई। मृतक की पहचान गुरुग्राम निवासी संभव जैन के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है। नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा की स्पायरा बिल्डिंग में शनिवार, 3 अक्टूबर को एक युवक की मौत से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम के मानेसर निवासी संभव जैन ने इमारत की 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एक दिन के लिए कमरे में ठहरे थे संभव जैन….
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संभव जैन 3 अक्टूबर को स्पायरा बिल्डिंग पहुंचे थे। वह वहां एक कमरे में केवल एक दिन के लिए ठहरे थे। घटना के समय वह अकेले थे। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई है। शुरुआती पूछताछ में मानसिक तनाव से जुड़ी बात सामने आने की जानकारी है, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस….
घटना की जांच के लिए पुलिस ने बिल्डिंग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव….
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले युवक की स्थिति क्या थी और इसके पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
नोट : अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक संकट या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो अकेले न रहें और किसी भरोसेमंद व्यक्ति या स्थानीय मानसिक स्वास्थ्य/आपातकालीन सेवा से तुरंत संपर्क करें।
