'अगर प्यार में अंधे हो सकते हैं तो देश के प्यार में क्यों नहीं?' ईशा कोप्पिकर ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब।

बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा कोप्पिकर इन दिनों अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का विरोध किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उन्हें ‘अंधभक्त’ कहकर ट्रोल किया। अब ईशा ने एक बार फिर अपने आलोचकों को जवाब दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि किसी को देश से प्यार करने पर ‘अंधभक्त’ कहना सही नहीं है।
‘अगर प्यार में अंधे हो सकते हैं तो….’
ईशा कोप्पिकर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि अगर किसी को प्यार में ‘अंधा’ कहा जा सकता है, तो देश के प्रति प्यार रखने वाले व्यक्ति को ‘अंधभक्त’ क्यों नहीं कहा जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि कोई व्यक्ति अंधभक्त और देशभक्त दोनों हो सकता है। अपने पोस्ट के साथ एक्ट्रेस ने तिरंगे का इमोजी भी लगाया।
पहले वीडियो शेयर कर दिया था जवाब….
इससे पहले ईशा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने खुद को ‘अंधभक्त’ कहे जाने पर अपनी बात रखी थी। एक्ट्रेस ने कहा था कि अगर अपने देश से प्यार करना, भारत पर भरोसा करना और देश की तरक्की की इच्छा रखना भक्ति है, तो उन्हें ‘भक्त’ या ‘अंधभक्त’ कहे जाने पर गर्व है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी भक्ति किसी राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं, बल्कि अपने देश भारत के लिए है।

‘देश सबसे पहले है’….
ईशा ने अपने वीडियो में देश को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत वही देश है जहां उनका घर है और जहां उन्होंने अपनी रोजी-रोटी कमाई है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ यूजर्स ने उनका समर्थन किया, जबकि कुछ लोगों ने उनके विचारों की आलोचना भी की।
कौन हैं ईशा कोप्पिकर….?
ईशा कोप्पिकर बॉलीवुड की जानी-पहचानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने ‘फिजा’, ‘कंपनी’, ‘डॉन’ और ‘एक विवाह…ऐसा भी’ जैसी फिल्मों में काम किया है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले ईशा कोप्पिकर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ली थी। इसके बाद उन्हें पार्टी की महिला परिवहन विंग से जुड़ी जिम्मेदारी भी दी गई थी।
