दिल्ली में फायर सर्विस हुई और मजबूत! 🚒 20 फायर रेस्पॉन्स बाइक और 26 नए QRV तैनात, ताकि तंग गलियों में भी टीम तेजी से पहुंच सके। जानिए क्या बदला।

दिल्ली में आग और दूसरी आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर सर्विस को मजबूत करने की दिशा में नए संसाधन जोड़े गए हैं। मालवीय नगर के गीतांजलि इलाके में नया फायर स्टेशन शुरू किया गया है। इसके साथ ही दिल्ली फायर सर्विस के बेड़े में 20 फायर रेस्पॉन्स मोटरबाइक और 26 क्विक रेस्पॉन्स व्हीकल्स यानी QRV शामिल किए गए हैं। इन संसाधनों का उद्देश्य खासतौर पर उन इलाकों में शुरुआती मदद को तेज करना है, जहां बड़े फायर टेंडर को पहुंचने में दिक्कत या ज्यादा समय लग सकता है।
71 एक्टिव फायर स्टेशन, 120 का लक्ष्य…..
गीतांजलि फायर स्टेशन के शुरू होने के बाद दिल्ली में सक्रिय फायर स्टेशनों की संख्या 71 हो गई है। सरकार की योजना इसे आगे बढ़ाकर 120 फायर स्टेशन करने की है। नए फायर स्टेशन पर फिलहाल 16 फायरकर्मी तैनात रहेंगे। यहां एक छोटा फायर टेंडर, एक QRV और आग बुझाने के जरूरी उपकरण उपलब्ध रहेंगे। यह स्टेशन मालवीय नगर के अलावा गीतांजलि, शिवालिक, खिड़की, प्रेस एन्क्लेव, देवली, नई बस्ती, आदर्श एन्क्लेव और डेरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में आपात स्थिति के दौरान मदद पहुंचाएगा।
26 नए QRV से शुरुआती आग पर तेजी से कार्रवाई…..
दिल्ली फायर सर्विस में 26 नए क्विक रेस्पॉन्स व्हीकल्स (QRV) शामिल किए गए हैं। इसके बाद विभाग के पास कुल 50 QRV हो गए हैं। इन वाहनों को इस तरह तैयार किया गया है कि बड़े फायर टेंडर के पहुंचने से पहले छोटी या शुरुआती आग पर कार्रवाई शुरू की जा सके। QRV में 125 लीटर क्षमता वाली अल्ट्रा हाई-प्रेशर पंप प्रणाली दी गई है। इसमें 100 लीटर पानी और 25 लीटर फोम रखा जा सकता है। वाहनों में 180 बार दबाव वाला हाई-प्रेशर पंप, 60 मीटर लंबी हाई-प्रेशर नली और पांच मोड वाला मल्टी-सिस्टम नोजल भी मौजूद है।
संकरी गलियों में बाइक से पहुंचेगी फायर टीम…..
दिल्ली के कई इलाकों में घनी आबादी और संकरी गलियां हैं। ऐसे स्थानों पर बड़े फायर टेंडर को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग सकता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए 20 फायर रेस्पॉन्स मोटरबाइक तैनात की गई हैं। इन बाइक पर कंप्रेस्ड एयर फोम और वॉटर मिस्ट बैकपैक सिस्टम के साथ दो 2-लीटर हाई-प्रेशर एयर सिलेंडर और पोर्टेबल फायर एक्सटिंग्विशर सिस्टम मौजूद हैं। प्रशिक्षित फायरकर्मी इन बाइक के जरिए कम समय में घटनास्थल तक पहुंचकर स्थिति का शुरुआती आकलन कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल फायर फाइटिंग शुरू कर सकते हैं।
फायर सर्विस के पास पहले से कई विशेष वाहन…..
दिल्ली फायर सर्विस के पास आग और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए अलग-अलग तरह के विशेष वाहन भी मौजूद हैं। इनमें 9 हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, 4 अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू वाहन, 4 लाइट एंड रेस्पिरेटरी इक्विपमेंट वाहन और 44 मल्टी-पर्पज वाहन शामिल हैं। इसके अलावा विभाग के पास 17 कमांड एंड कंट्रोल वाहन और 18 छोटे रेस्क्यू वाहन भी हैं।
क्या होगा नए सिस्टम का फायदा…..?
नए फायर स्टेशन, QRV और मोटरबाइक का सबसे बड़ा उद्देश्य फायर रिस्पॉन्स टाइम को कम करना है। खासकर संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बाइक और छोटे रेस्पॉन्स वाहन बड़े फायर टेंडर के पहुंचने से पहले शुरुआती कार्रवाई में मदद कर सकते हैं। दिल्ली में फायर स्टेशनों की संख्या बढ़ाने और आधुनिक उपकरणों को बेड़े में शामिल करने की योजना के जरिए आपात स्थिति में फायर सर्विस की पहुंच और शुरुआती प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
