UP Weather Update: भारी बारिश के बीच यूपी के कई जिलों में राहत-बचाव अभियान जारी है। नेपाल सीमा से सटे जिलों में नदियों के जलस्तर पर भी नजर रखी जा रही है।

उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटों से जारी भारी बारिश के बीच प्रशासन ने राहत और बचाव व्यवस्था को सक्रिय रखा है। कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण जलभराव और अन्य समस्याएं सामने आई हैं। वहीं, मौसम विभाग ने भी 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई है। राज्य सरकार के निर्देश पर प्रभावित जिलों में प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राहत अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने और जरूरत के मुताबिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश…..
राहत आयुक्त के अनुसार प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सामान्य से करीब 19 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक फर्रुखाबाद में सामान्य से करीब 200 गुना और कानपुर नगर में 160 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई। कन्नौज, कानपुर देहात और हरदोई में भी सामान्य से करीब 130 गुना अधिक बारिश हुई। वहीं, बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में इस अवधि में बारिश दर्ज नहीं की गई।
117 मकान क्षतिग्रस्त…..
भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण पिछले 48 घंटों में प्रदेश में 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। प्रशासन को प्रभावित परिवारों का सर्वे कर नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश से फसलों को हुए नुकसान का भी आकलन कराने को कहा गया है, ताकि प्रभावित किसानों को नियमों के तहत सहायता दी जा सके।
नेपाल में बारिश के बाद सीमावर्ती जिलों पर खास नजर…..
नेपाल में भी भारी बारिश के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के नेपाल से सटे जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ राहत और बचाव दलों को अलर्ट मोड में रखने के साथ नदियों के जलस्तर की नियमित निगरानी की जा रही है।
राहत-बचाव दलों को रखा गया अलर्ट…..
प्रशासन को जरूरत के अनुसार फायर सर्विस, PAC, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और आपदा मित्रों की मदद लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव टीमों को सक्रिय रखने और लगातार स्थिति का जायजा लेने को कहा गया है। जिलाधिकारियों को भी फील्ड में रहकर स्थानीय हालात की निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं।
कच्चे मकानों और जलभराव वाले इलाकों पर विशेष ध्यान…..
बारिश के दौरान कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों और जलभराव वाले क्षेत्रों को लेकर भी प्रशासन को सतर्क किया गया है। लेखपालों और ग्राम विकास अधिकारियों को ऐसे इलाकों में स्थिति की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
26-27 सितंबर को मौसम रहेगा सक्रिय…..
IMD के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश और 27 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 26 सितंबर को अत्यधिक भारी और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से जलभराव या जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। आपदा की स्थिति में राज्य की राहत व्यवस्था से संपर्क किया जा सकता है।
