दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पुल में दरार की खबर पर NHAI ने सफाई दी है। जानिए पुल में वास्तव में क्या मिला था और मरम्मत कब तक पूरी होगी।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को लेकर सोशल मीडिया पर पुल में दरार और बड़े नुकसान की खबरें सामने आने के बाद NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने स्थिति स्पष्ट की है। NHAI ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए कहा है कि पुल की स्थिति सामान्य और सुरक्षित है। प्राधिकरण के मुताबिक, पोस्ट-मानसून नियमित जांच के दौरान ब्रिज डेक स्लैब के करीब 2 वर्गमीटर हिस्से में मामूली पानी का रिसाव पाया गया था। जांच में किसी बड़े संरचनात्मक नुकसान की बात सामने नहीं आई।
पुल में क्या मिला था…..?
NHAI के अनुसार, नियमित निरीक्षण के दौरान पुल के एक छोटे हिस्से में पानी का रिसाव देखा गया। इसके बाद एहतियाती कदम उठाते हुए उस हिस्से में सुधार और रखरखाव का काम शुरू किया गया। NHAI ने साफ किया कि इसे पुल में बड़ी दरार या गंभीर संरचनात्मक क्षति के तौर पर पेश करना सही नहीं है। प्राधिकरण के मुताबिक, पुल की मौजूदा स्थिति सुरक्षित है।
करीब एक हफ्ते में पूरा होगा काम…..
NHAI ने बताया कि पानी के रिसाव वाले हिस्से की मरम्मत का काम उसकी नियमित और पहले से तय रखरखाव व्यवस्था का हिस्सा है। इसका उद्देश्य समस्या को शुरुआती स्तर पर ही ठीक करना और भविष्य में किसी बड़ी परेशानी की संभावना को कम करना है। मरम्मत के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। NHAI ने इस काम को करीब एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
सोशल मीडिया पर वायरल दावों पर NHAI की सफाई…..
पुल में दरार या बड़े नुकसान से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद NHAI ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि वाली जानकारी पर भरोसा न करें। प्राधिकरण का कहना है कि पुल सुरक्षित और सामान्य स्थिति में है और जिस हिस्से में मामूली पानी का रिसाव मिला था, वहां जरूरी सुधार का काम किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए क्या मतलब…..?
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश की प्रमुख हाईवे परियोजनाओं में शामिल है। ऐसे में इसके किसी पुल को लेकर सामने आने वाली जानकारी लोगों की चिंता बढ़ा सकती है। NHAI के स्पष्टीकरण के मुताबिक फिलहाल पुल में किसी बड़े संरचनात्मक नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए वायरल दावों के बजाय NHAI की आधिकारिक जानकारी को आधार मानना ज्यादा उचित है।
